नपा में फिर ओपन हुआ भ्रष्टाचार: नजदीकी पार्षदों से पास कराया एजेंडा, छोड़ गए बैठक

नपा में फिर ओपन हुआ भ्रष्टाचार: नजदीकी पार्षदों से पास कराया एजेंडा, छोड़ गए बैठक
पार्षदों ने भ्रष्टाचार के मुद्दे किए उजागर, मांगा प्रोसिडिंग रजिस्टर, बैठक छोड़ गईं नपाध्यक्ष व सीएमओ सहित अन्य अमला
शिवपुरी। शहर विकास के लिए जिम्मेदार नगरपालिका परिषद शिवपुरी की लंबे समय के बाद मंगलवार को बैठक आयोजित की गई। बैठक अभी 10 मिनट भी नहीं चल पाई कि तभी एल्डरमैन बैठक का बहिष्कार करके बाहर आ गए। कुछ देर बाद जब पार्षदों ने भ्रष्टाचार के मुद्दों पर तथ्यों के साथ सवाल किए, तो काला पीला करने वालों पर कोई जवाब न होने की वजह से वो बैठक छोड़कर बाहर निकल गए। महत्वपूर्ण बात यह है कि परिषद की बैठक में प्रोसिडिंग रजिस्टर हो नहीं रखा गया, जबकि पूरी बैठक की गतिविधि उसमें ही दर्ज की जाती है। इससे यह स्पष्ट हो गया कि नपा में ओपन भ्रष्टाचार चल रहा है, जिस पर किसी की कोई लगाम नहीं है।
नगरपालिका परिषद की बैठक का प्रसारण करने के लिए आज कैमरे भी नहीं लगाए गए। बैठक शुरू होते ही षड्यंत्र के तहत पहले कोरम पूरा करने के लिए पार्षदों के हस्ताक्षर करवाए, जिसका कुछ पार्षदों ने विरोध भी किया। इसके बाद जब पार्षदों ने सिंध जलावर्धन परियोजना में करोड़ों की मोटर बिना दर स्वीकृति एवं वर्क ऑर्डर के खरीदे जाने का मुद्दा उठाया, तो नपा के कर्णधार यह समझ गए कि अब उनके द्वारा किए गए भ्रष्टाचार की परतें खुलना तय हैं, तो फिर नपाध्यक्ष सहित सीएमओ एवं अन्य नपा अधिकारी-कर्मचारी भी बैठक छोड़कर बाहर आ गए।
कोरम पूरा करके न जाने क्या करेंगे गड़बड़ी?
परिषद की बैठक में आज आए पार्षदों से पहले दस्तखत करने पर जोर दिया गया, ताकि कोरम पूरा हो सके। अब भले ही परिषद की बैठक 10 मिनट में खत्म हो गई, लेकिन कोरम पूरा दर्शाकर यह शहर के दुश्मन अब न जाने कौन से बड़े भ्रष्टाचार करने की तैयारी में हैं?
पार्षदों को छोड़, भाजपा नेता करा रहे काम:
भाजपा पार्षद ओमी जैन ने आरोप लगाया कि शिवपुरी शहर में सफाई, पानी, सड़क एवं लाइट के काम कराने के लिए पार्षदों को जिम्मेदारी नहीं दी गई। अब तो शहर में भाजपा के कुछ नेता इन कामों को करवा रहे हैं, तथा नपा के कर्मचारी भी उनकी ही बात मान रहे हैं।




















