शासन के 1.70 करोड़ जिसमें खर्च हुए, अब उन्हें आबाद करने की तैयारी, दोनों मंडी पर काम शुरू

शासन के 1.70 करोड़ जिसमें खर्च हुए, अब उन्हें आबाद करने की तैयारी, दोनों मंडी पर काम शुरू
शहर में संचालित मंडियां होंगी हवाई पट्टी के आगे बनीं मंडियों में शिफ्ट, बाजार में दवाब होगा कम
शिवपुरी। देर से ही सही लेकिन झांसी रोड पर बनीं दोनों मंडियों को आबाद करने की कवायद अब शुरू हो गई। पिछले 9 साल में बदहाल हो चुकी इन मंडियों को रंग रोवन करके फिर से नया स्वरूप दिया जा रहा है। इन स्थानों पर शहर में संचालित दो मंडियों को शिफ्ट किया जाएगा, जिससे बाजार में ट्रैफिक का दवाब काफी हद तक कम होगा। यह कार्य भी केन्द्रीय मंत्री के निर्देशों के पालन में किया जा रहा है।
ज्ञात रहे कि झांसी रोड पर हवाई पट्टी के आगे शासन ने 1.70 करोड़ रुपए की राशि खर्च करके दो मंडियों का निर्माण किया। इसका भूमिपूजन वर्ष 2017 में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया था। मंडी बनने के बाद पिछले 9 साल से यह खाली पड़ी होने से खंडहर हो गईं थीं। पिछले दिनों जब शहर को व्यवस्थित करने के निर्देश केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने स्थानीय प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों को दिए, तो उसमें इन खंडहर होती मंडियों का भी जिक्र किया गया। उसके बाद यह तय हुआ कि इन मंडियों को आबाद किया जाएगा तथा इसके लिए शुरू हुए काम को भी तेजी से निपटाया जा रहा है।
सूत्रों का कहना है कि इसमें से एक मंडी में पहले थोक मंडी को शिफ्ट किया जाएगा, क्योंकि यह मंडी अभी कोर्ट रोड पर सजने की वजह से सुबह के समय आवागमन बाधित करता है। अब इस मंडी को झांसी रोड पर शिफ्ट करने से शहर में सुबह से लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी। उसके बाद दूसरी मंडी में एक अन्य मंडी को शिफ्ट किया जाएगा ताकि शहर में साफ सफाई का माहौल भी बना रह सके। दो मंडियों के शहर से बाहर जाने से बाजार में ट्रैफिक का दवाब भी कम होगा। अभी तक होने वाले दावों के बीच इस दफा पहली बार कुछ अच्छा होता नजर आ रहा है।




















