झोपड़ी की जगह मकान बनाने में रोड़ा बने लोगों पर कार्यवाही कराने परिवार सहित टंकी पर चढ़ा

कोलारस में बाइक सवार को ट्रक ने रौंदा, कुटवारा में नाबालिग ने जहर खाकर दी जान
पिछले 24 घंटे की प्रमुख खबरें::
शिवपुरी शहर के बायपास रोड पर स्थित पानी की टंकी पर सोमवार की दोपहर एक परिवार चढ़ गया, जिसे उतारने में पुलिस एवं प्रशासन को डेढ़ घंटे की मशक्कत करनी पड़ी। वहीं कोलारस के बायपास रोड पर आज सुबह एक बाइक सवार को ट्रक ने रौंदा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। उधर कुटवारा गांव में रविवार को एक नाबालिग लड़की ने सल्फास खाकर अपनी जान दे दी।
झोपड़ी की जगह नहीं बनाने दे रहे मकान:
शिवपुरी शहर की मनियर बस्ती में रहने वाले पावन जाटव अपनी पत्नी सपना, मां राजश्री एवं 9 माह के बेटे इशांक को साथ लेकर मनियर टोल के पास स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गया। पवन का कहना था कि मैं अपने परिवार सहित मनियर में एक झोपड़ी बनाकर पिछले 25 साल से रह रहा था। अब उसी जगह पक्का मकान बनाना जब शुरू किया तो अतर सिंह धाकड़, रामस्वरूप धाकड़ एवं अन्य लोग विरोध करने के साथ ही धमकी देने लगे। पिछले दिनों उसके मामा को भी पुलिस पकड़ कर ले गई। इसी बात से परेशान होकर वो आज परिवार सहित पानी की टंकी पर चढ़ गया। कोतवाली टीआई रोहित दुबे, तहसीलदार सिद्धार्थ शर्मा ने मौके पर जाकर उसे समझाया तथा पीएम आवास से उसका मकान बनवाने का आश्वासन देकर नीचे उतरवाया।
कोलारस बायपास पर बाइक सवार को रौंदा:
आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोलारस बायपास रोड पर सोमवार की सुबह बाइक सवार उपेंद्र लोधी (21) निवासी साखनौर को शिवपुरी से गुना की तरफ जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया। जिससे उपेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। बताते हैं कि उपेंद्र घर से दवाई लेने शिवपुरी आने की बात कहकर घर से निकला था। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक ने ही हाइवे एंबुलेंस को सूचना दी थी।
नाबालिग ने गटका जहर, हुई मौत:
शिवपुरी जिले के ग्राम कुटवारा में रहने वाली 17 वर्षीय रागिनी पुत्री विजय लोधी ने रविवार की देर शाम सल्फास की गोलिया खा लीं। हालत बिगड़ने पर उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। नाबालिग ने जहर क्यों खाया, इसकी पड़ताल करने में पुलिस जुट गई है।




















