शहर विकास का खाका खींचने निकले विधायक व नपा सीएमओ, मिलीं नपा की वसूली रसीदें

शहर विकास का खाका खींचने निकले विधायक व नपा सीएमओ, मिलीं नपा की वसूली रसीदें
बिना बैठक वसूली के नपा के कर्मचारी काट रहे बाजार में रसीदें, FIR कराने बुलाई पुलिस
शिवपुरी। शहर में विकास का खाका खींचने के लिए मंगलवार को शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन एवं नपा सीएमओ यशवंत राठौर अपने अमले के साथ बाजार में निकले। बाजार भ्रमण के दौरान ठेले व अस्थाई दुकानदारों ने जब नगरपालिका की वसूली रसीदें दिखाईं तो सीएमओ भी हतप्रभ रह गए। मामला बिगड़ा तो एफआईआर कराने कोतवाली पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया, लेकिन बाद में पता चला कि इस वसूली की जानकारी नपा के जिम्मेदारों को भी है।
शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन, हरवीर सिंह रघुवंशी के अलावा नपा सीएमओ राठौर अपने अमले के साथ बाजार में यह देखने निकले कि इसे कैसे सुधारा जाए। इस दौरान कोर्ट रोड पर गर्ल्स स्कूल की गली में अस्थाई दुकानदारों ने बताया कि हमारी 1 हजार रुपए महीने की रसीद नपा के लोग काट रहे हैं। चूंकि नगरपालिका में अभी तक बाजार बैठक वसूली का ठेका नहीं हुआ है, इसलिए सीएमओ भी रसीद देखकर सोच में पड़ गए। विधायक ने कहा कि यह तो नगरपालिका के नाम पर बाजार में अवैध वसूली हो रही है, जिसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएंगे। जिसके चलते कोतवाली से एसआई सुमित शर्मा को भी कोर्ट रोड पर बुला लिया गया।
फिर खुली रसीद की सच्चाई, सभी हिस्सेदार:
नगरपालिका शिवपुरी में आरआई सुधीर मिश्रा को बुलाया तो वे बोले कि कुछ रसीद कट्टे जारी तो किए थे। फिर नाम आया जीतू तोमर का, तो जीतू ने कहा कि मैने रसीद काटी थी, जिसकी जानकारी सुधीर मिश्रा को है। इस बीच कुछ रसीद ऐसी भी मिलीं, जिनमें नपा की सील नहीं लगी थी, उन्हें जांच में ले लिया। अब बड़ा सवाल यह भी सामने आया कि जो वसूली बाजार में हो रही है, वो राशि नपा के किस मद जमा हो रही है, यह भी पता किया जाए। क्योंकि शिवपुरी शहर में अस्पताल चौराहा, मेडिकल कॉलेज एवं अन्य स्थानों पर बिना ठेके के वसूली नपा के कुछ लोग करवाकर उसकी राशि नपा की गुल्लक में डालने की बजाए अपनी जेब भर रहे हैं।
सच्चाई सुनकर सीएमओ बोले: नेगेटिव सोच
शहर विकास का खाका खींचने निकले विधायक व सीएमओ कुछ देर के लिए अस्पताल चौराहे पर विष्णु राठौर की दुकान पर रुके। वहां पर एक नेता ने कहा कि शिवपुरी में कपड़े की बड़ी फैक्ट्री लगने वाली है, यह सुनकर एक अन्य व्यक्ति बोला कि शिवपुरी में कुछ नहीं होगा। यह बात सुनकर नपा सीएमओ यशवंत राठौर बोले कि शिवपुरी के लोगों में कितनी नेगेटिव सोच है। उनकी यह बात सुनकर वहां मौजूद लोग बोले कि शहर की जनता बरसों से यह झूठे आश्वासन सुन रही है, इसलिए भरोसा नहीं होता। चार माह पूर्व कोर्ट रोड को आदर्श सड़क बनाने का दावा कलेक्टर ने किया, दो माह पूर्व शहर को आवारा मवेशी मुक्त करने का फरमान कलेक्टर ने जारी किया, लेकिन हुआ कुछ भी नहीं। अब अधिकारी भी नेताओं की तरह झूठे आश्वासन देने में पारंगत हो गए हैं।




















