केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने किया 50.65 करोड़ की विकास सौगातों का जिले में किया भूमिपूजन

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने किया 50.65 करोड़ की विकास सौगातों का जिले में किया भूमिपूजन
निर्माणाधीन रेलवे ओवर ब्रिज का किया निरीक्षण, जान बचाने वाले एएसआई सम्मानित
शिवपुरी। केंद्रीय मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंगलवार को शिवपुरी एवं कोलारस विधानसभा में 50.65 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का निरीक्षण किया तथा एक महिला यात्री की जान बचाने वाले एएसआई को सम्मानित भी किया।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने मंगलवार को शिवपुरी में ₹17.50 करोड़ से अधिक की, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली एवं सड़क सुविधाओं के विकास कार्यों की सौगातें दीं। इसी क्रम में 50-सीटर प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास सहित स्वास्थ्य केन्द्र, विद्युत उपकेन्द्र और उपतहसील का केन्द्रीय मंत्री ने लोकार्पण किया। साथ ही नगर पालिका की सड़कों और सरकारी मिडिल स्कूल भवन सहित ₹5.51 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया।
इस दौरान केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि शिवपुरी में शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य, बिजली, सड़क और प्रशासनिक सुविधाओं तक विकास का लाभ हर परिवार तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में शिवपुरी सहित पूरे क्षेत्र में विकास कार्यों को निरंतर गति दी जा रही है।
कोलारस विस को दी 33.15 करोड़ की सौगात:
केन्द्रीय संचार एवं पूर्वाेत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा सांसद श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज शिवपुरी प्रवास के दौरान कोलारस विधानसभा क्षेत्र को लगभग ₹33.15 करोड़ के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन तथा हाई स्कूल भवन एवं ग्राम पंचायत भवन का लोकार्पण किया। इन विकास कार्यों से क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी, शिक्षा एवं स्थानीय प्रशासनिक सुविधाओं को और मजबूती मिलेगी। केन्द्रीय मंत्री ने ₹15.35 करोड़ की लागत से बनने वाली पाली-राजगढ़ रोड तथा ₹4.96 करोड़ की लागत से कुमरौआ-बगरोद रोड वाया पिपरोदा के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही पडोरा चौराहा पर ₹7.06 करोड़ की लागत से बनने वाली आरसीसी रोड का कार्य भी शुरू किया गया।
आज देंगे 85 करोड़ की सौगात, बनेगा प्रशिक्षण केंद्र:
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शिवपुरी में 85 करोड़ की लागत से बनने वाले देश के 7वें डाक प्रशिक्षण केंद्र का भूमि पूजन, सौंदर्यीकृत प्रधान डाकघर का लोकार्पण 2 सितंबर को सुबह 11 बजे करेंगे। जन-सेवा कनेक्ट और आधुनिक सुविधाओं से लैस हुए प्रधान डाकघर का लोकार्पण भी करेंगे। इस राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण केंद्र में मध्य प्रदेश के साथ-साथ आसपास के अन्य राज्यों के डाक विभाग कर्मचारियों को भी उच्चस्तरीय प्रशिक्षण दिया जाएगा।
महिला यात्री की जान बचाने वाले एएसआई को किया सम्मानित:
केन्द्रीय संचार एवं पूर्वाेत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज शिवपुरी रेलवे स्टेशन के निरीक्षण के दौरान आरपीएफ सहायक उपनिरीक्षक बीरेन्द्र तिवारी को सम्मानित किया। 30 अगस्त को ग्वालियर-बीना पैसेंजर में चढ़ने के दौरान शिवपुरी निवासी निर्मला देवी का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन एवं प्लेटफॉर्म के बीच गिरने लगीं। ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ एएसआई बीरेन्द्र तिवारी ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें पकड़कर अपनी ओर खींच लिया और उनकी जान बचा ली।




















