रहस्यमय बीमारी से दस दिन में 4 बच्चों की हुई मौत, एक ही परिवार के तीन बेटों ने तोड़ा दम

गोरा टीला पर गए थे नहाने, उसके बाद से बिगड़ी तबियत, 21 से 31 अगस्त के बीच छोड़ी दुनिया
शिवपुरी। यूं तो इन दिनों वायरल चल रहा है, लेकिन शिवपुरी शहर के सईसपुरा कमलागंज में रहने वाले तीन भाई सहित उनके एक रिश्तेदार का बेटा पिछले 10 दिनों में दुनिया छोड़ गए। गोरा टीला के पास नहाने के बाद इन बच्चों की तबियत बिगड़ने लगी तथा एक के बाद एक बच्चा दुनिया छोड़ गया। महत्वपूर्ण बात यह है कि जिस परिवार में तीन बेटे थे, उसमें अब एक भी नहीं बचा। इस रहस्यमयी मौत के पीछे का स्पष्ट कारण कोई नहीं बता पा रहा।
शिवपुरी शहर के सईसपुरा कमलागंज में रहने वाले तनवीर खान के तीन बेटे ताहिर (14), पप्पू (13), चिंटू (9) एवं उनकी बहन का बेटा अयाज (19) पुत्र रजा मोहम्मद की पिछले दस दिन में अज्ञात बीमारी के चलते मौत हो गई। मौत का यह सिलसिला 21 अगस्त को ताहिर की मौत से शुरू हुआ, उसके बाद 23 अगस्त को अयाज ने दम तोड़ दिया था। इतने दिनों से बीमार चल रहे पप्पू एवं चिंटू ने भी 31 अगस्त को दुनिया छोड़ दी। तनवीर के तीन बेटे थे, जो एक-एक कर अपने परिवार को रोता बिलखता छोड़ गए।
गोरा टीला में नहाने के बाद हुए बीमार:
यह बच्चे पिछले दिनों गोरा टीला में नहाने के लिए गए थे, वहां से लौटने के बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। ऐसा माना जा रहा है कि नहाते समय दूषित पानी उनके शरीर में चला गया, जिसके चलते उनकी हालत इतनी बिगड़ी कि आखिरकार वो मौत के आगोश में समा गए।
कीटनाशक का पानी में मिलने का संदेह:
महज 10 दिन में 4 बच्चों की दुखद मौत की वजह केवल नहाना नहीं हो सकता। यह आशंका व्यक्त की जा रही है गोरा टीला के कुंड में बारिश का पानी आसपास खेताें से होकर आता है। फसलों में डाली जाने वाली कीटनाशक दवाएं उस पानी में खेतों से होकर पहुंची होंगी, जिसके पीने से उनकी हालत बिगड़ी और फिर वो दुनिया छोड़ गए। अगर यह बात सही है, तो फिर जो कुछ हम लोग खा रहे हैं, उसका उत्पादन कितनी खतरनाक कीटनाशक दवाओं से हो रहा है, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।























