कलेक्टर का ग्राम थनरा व दबरा भ्रमण: निपटे सीएचओ व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, शेष को दी हिदायत

कलेक्टर का ग्राम थनरा व दबरा भ्रमण: निपटे सीएचओ व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, शेष को दी हिदायत
मूलभूत सुविधाओं से महरूम मिले ग्रामीण, जिम्मेदारों को दिए निर्देश, सजग होकर करें काम
शिवपुरी। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने आज विकासखंड करैरा के विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य, स्कूल, आंगनबाड़ी, शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन, प्रशासनिक व्यवस्थाओं तथा जनसुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पाई गई गंभीर अनिमियताओं और पदीय दायित्वों के प्रति लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए सीएचओ व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को हटाए जाने के निर्देश दिए। शिक्षा व्यवस्था सहित मूलभूत सुविधाओं के लिए जिम्मेदारों को कलेक्टर ने तत्काल अनुशासनात्मक एवं सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनजातीय बस्ती का पैदल भ्रमण कर सुनीं समस्याएं, त्वरित निराकरण हेतु विशेष कैंप के निर्देश
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने ग्राम दबरा (दिनारा) स्थित जनजातीय बस्ती का पैदल भ्रमण कर जमीनी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बस्तीवासियों के बीच बैठकर उनसे सीधा संवाद किया तथा बिजली, पेयजल, राशन, पेंशन और स्वास्थ्य सुविधाओं से संबंधित समस्याएं सुनीं।
ग्राम दबरा (दिनारा) स्थित सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 2 के औचक निरीक्षण के दौरान केंद्र में लापरवाही पाई गई। बच्चों के पोषण और देखभाल से जुड़ी अव्यवस्था पर कड़ा रुख अपनाते हुए कलेक्टर ने महिला बाल विकास परियोजना अधिकारी को संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र में मध्याह्न भोजन के सुचारु एवं पारदर्शी संचालन का जिम्मा स्थानीय समूह को सौंपने के सख्त निर्देश दिए है।
उप स्वास्थ्य केंद्र के औचक निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में अनिमियतताएं पाई गईं। निरीक्षण के समय स्वास्थ्य केंद्र में गंदगी तथा पदस्थ सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी का कक्ष बंद पाया गया। इसके साथ ही वह बिना किसी पूर्व सूचना अथवा अनुमति के अपने कर्तव्य से अनुपस्थित पाई गईं।
आमजन की सेहत और मूलभूत स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रति इस घोर लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए कलेक्टर ने अनुपस्थित सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से पद से हटाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




















