स्टेडियम के पास रोड पर घूमते मिला मगरमच्छ, नरवर रोड पर तेंदुआ हुआ मोबाइल में क्लिक

शहर की सड़कों पर नेशनल पार्क जैसा नजारा, बारिश के फेर में मगरमच्छों का शहर भ्रमण भी हुआ लेट
शिवपुरी। बाहर से आने वाले सैलानी माधव टाइगर रिजर्व में वन्यजीवों को देखने आते हैं, जबकि शिवपुरी के लोगों को यह चाहे जब यह नजारे देखने को मिल जाते हैं। बीती रात शिवपुरी स्टेडियम वाली रोड पर एक विशालकाय मगरमच्छ सड़क पर भ्रमण करता नजर आया, तो वहीं नरवर – सतनबाडा रोड पर पत्थर की बाउंड्री के ऊपर एक तेंदुआ बैठा हुआ मोबाइल में क्लिक हुआ।
इस बार बारिश में हुई देरी के चलते मगरमच्छों का शहर भ्रमण भी लेट हो गया। अन्यथा नालों के पास वाली रिहायशी कालोनियों में बरसात की शुरुआत के साथ ही मगरमच्छों के निकलने का क्रम शुरू हो जाता है। इतना ही नहीं कई बार तो शहर के व्यस्ततम इलाकों से भी मगरमच्छ का रेस्क्यू किया गया। इस बार बारिश में हुई देरी के चलते शहर के नालों में अभी तक फ्ली ही नहीं आया, जिसके चलते मगरमच्छ जहां पर हैं, वहीं पर दबे हुए हैं। बीती रात एक मगरमच्छ जाधव सागर तालाब से निकलकर स्टेडियम की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए निकला, तो उस रोड पर निकलने वाले एक व्यक्ति ने वीडियो बना लिया।
शिवपुरी में तेंदुओं की संख्या कम नहीं हुई है, यह बताने के लिए खुद तेंदुए ही अपना दर्शन देने के लिए निकल आते हैं। शुक्रवार को सतनबाड़ा – नरवर रोड पर झिरना मंदिर से पहले बनी पत्थर की बाउंड्री पर एक तेंदुआ बैठा नजर आया, जिसे वहां से गुजरने वाले एक राहगीर ने अपने मोबाइल में क्लिक कर लिया। ज्ञात रहे कि बीते रोज हातोद गांव से रेस्क्यू किए गए दो तेंदुओं को सतनबाड़ा के पास ही छोड़ा गया था।


