पीएम आवास में काटी बिजली, 350 घरों में छाया अंधेरा

0
1001526523

नपा ने नहीं लगाए घरों में मीटर, 2 लाख का बिजली बिल नपा ने नहीं किया जमा, बरसात में परिवारों को है सांप कीड़े का खतरा
शिवपुरी। प्रधानमंत्री आवास में रहने वाले 350 से अधिक परिवारों की बिजली शुक्रवार की देर दोपहर बिजली कंपनी ने काट दी। कंपनी के कर्मचारियों का कहना है कि 2 लाख रुपए बिजली बिल नगरपालिका ने जमा नहीं किया, इसलिए लाइट काट रहे हैं। उधर बरसात के मौसम में बिजली गुल हो जाने से परेशान पीएम आवास के परिवारों ने चक्काजाम की चेतावनी दी है।
गौरतलब है कि बरसों के लंबे इंतजार के बाद आवासहीन गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास मिल पाए। जब इन घरों में परिवारों को बसाया गया, तब उन्हें यह आश्वासन दिए गए कि सभी सुविधाएं दी जाएंगी। स्थिति यह है कि सिंध का पानी इन घरों में नहीं पहुंच पाया, उनके घरों तक जाने का रास्ता भी खराब है और अब बिजली कट जाने से उनमें रहने वाले परिवार परेशान हैं। पीएम आवास में रहने वाले परिवारों का कहना है कि हमारे घराें के मीटर लगवा दिए जाएं, हम हर महीने बिल भी जमा करेंगे। मीटर लगने का आश्वासन नपाध्यक्ष ने भी दिया था, लेकिन अभी तक कोई मीटर नहीं लगा। बरसात के मौसम में पीएम आवास के घरों में अंधेरा होने से सांप आदि का डर भी परिवारों को सता रहा है। चूंकि इन आवासों से बमुश्किल 25 मीटर दूरी पर ही माधव टाइगर रिजर्व है, जहां से खतरनाक वन्यजीव भी इन आवासों तक आ जाते हैं। बिजली न होने से उनकी समस्या और भी अधिक गम्भीर हो गई है।
पीएम के नाम का आवास, रहवासी परेशान:
केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना के बारे में जो प्रचार प्रसार किया गया था, धरातल पर हालात बिल्कुल विपरीत हैं। शिवपुरी में बरसों तक इंतजार करने के बाद जो आवास मिले, उनमें पानी व बिजली की स्थाई सुविधा नहीं दी गई। चाहे जब बिजली कंपनी वाले बकाया बिल बताकर लाइट काट जाते हैं। पानी के लिए भी सिंध की लाइन तो जोड़ दी गई, लेकिन उससे पानी की सप्लाई शुरू नहीं की गई। इन आवासों तक जाने के लिए आधी सीसी रोड बनाई गई, वो भी बेहद घटियां। यानि जिन आवासों को केंद्र सरकार अपनी बड़ी उपलब्धि बताती है, जबकि उसमें रहने वाले परिवार मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *