नशे में झूमते मवि शिक्षक को कलेक्टर ने किया निलंबित, बच्चों ने बनाई वीडियो से हुई पुष्टि
करेरा के लालपुर स्कूल के शिक्षक राकेश बाथम का नशे में झूमते का हुआ था वीडियो वायरल
शिवपुरी। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने शिक्षक की गरिमा के विरुद्ध आचरण और अनुशासनहीनता के मामले में विकासखंड करेरा के शासकीय माध्यमिक विद्यालय लालपुर के माध्यमिक शिक्षक राकेश कुमार बाथम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन की अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी खनियाधाना नियत किया गया है।
बीते 4 अगस्त को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें माध्यमिक शिक्षक राकेश कुमार बाथम शराब के नशे में ग्राम लालपुर में अनुचित व्यवहार करते और शिक्षकीय गरिमा के विरुद्ध हरकतें करते दिखाई दे रहे थे। जब इसकी सूचना जिला प्रशासन तक पहुंची तब इसकी जांच कराई गई।
अगले दिन विकासखंड शिक्षा अधिकारी करेरा और संकुल प्राचार्य शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करेरा की संयुक्त जांच टीम शासकीय माध्यमिक विद्यालय लालपुर पहुंची। जांच टीम के पहुंचने से पहले ही लगभग 100 ग्रामवासी विद्यालय के गेट पर एकत्रित हो चुके थे और शिक्षकों को तत्काल विद्यालय से हटाने तथा उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग कर रहे थे। ग्रामवासियों ने इस संबंध में पंचनामा भी तैयार किया। जांच में वायरल वीडियो पूरी तरह सच पाया गया। मौके पर उपस्थित ग्रामवासियों के बयान, पंचनामा और छात्र-छात्राओं के मौखिक कथनों से यह भी सामने आया कि संबंधित शिक्षकों द्वारा इस तरह की हरकतें पहले भी की जा चुकी हैं।
शिक्षक राकेश कुमार बाथम का यह आचरण मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के अंतर्गत अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाही, अनुशासनहीनता और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना को दर्शाता है। इसे अत्यंत खेदजनक मानते हुए कलेक्टर अर्पित वर्मा ने मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 के तहत श्री राकेश कुमार बाथम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

