शिवपुरी के वार्ड 19 में जिम सामग्री 14 लाख, भुगतान 38 लाख करने की तैयारी, पार्षदों ने दर्ज कराई आपत्ति

0

पार्षदों की आपत्ति पर कलेक्टर ने जिम सामग्री एवं भुगतान प्रक्रिया जांच के लिए बनाई कमेटी
शिवपुरी। शहर के वार्ड क्रमांक 19 में बनाई गई जिम में खरीदी गई सामग्री एवं भुगतान में बड़ा अंतर होने की शिकायत पार्षदों ने बीते 3 अगस्त को कलेक्टर से की थी। जिस पर कलेक्टर ने एक कमेटी बना दी, जो जिम सामग्री एवं भुगतान प्रक्रिया की जांच करेगी।
पार्षद विजय शर्मा, राजा यादव एवं ताराचंद राठौर ने एक शिकायती आवेदन कलेक्टर को दिया था। जिसमें उल्लेख किया था कि वार्ड 19 में जो जिम बनाई गई है, उसमें कसरत करने के उपकरण 14 लाख रुपए कीमत के खरीदे गए थे। जिसके एवज में नगरपालिका शिवपुरी द्वारा 38 लाख रुपए का भुगतान करने की तैयारी कर ली गई थी। जिसमें पूर्व सीएमओ इशांक धाकड़, ईई मनोहरलाल बागड़ी, एई सचिन चौहान, उपयंत्री रघुवीर भार्गव की भूमिका संदिग्ध है।
पार्षदों ने शिकायत में उल्लेख किया है कि जिम में मौजूद सामग्री के अलावा नपा शिवपुरी में अपनाई गई भुगतान प्रक्रिया की जांच करवाई जाए। पार्षदों की शिकायत पर कलेक्टर ने बुधवार 5 अगस्त को चार सदस्यीय जांच कमेटी बना दी है। जिसमें जिला पंचायत सीईओ विजयराज, एसडीएम शिवपुरी आनंद सिंह राजावत, हिमानी यादव कोषालय अधिकारी एवं सहा. परियोजना डूडा सौरभ गौड को शामिल किया है। यह जांच कमेटी 3 दिन में अपनी जांच रिपोर्ट पेश करेगी।
बोले पार्षद: आयुक्त से भी की है शिकायत
जिम में लगाई गई सामग्री से ढाई गुना अधिक का भुगतान करने की प्रक्रिया नपा शिवपुरी में की गई है। हमने कलेक्टर शिवपुरी एवं आयुक्त नगरीय निकाय भोपाल में भी शिकायत की है।
विजय शर्मा, पार्षद नपा शिवपुरी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *