निरीक्षण में हुआ खुलासा: ऑनलाइन हाजिरी भी नहीं बैठा पा रही शिक्षकों को स्कूलों में
बीएसी के औचक निरीक्षण में गायब मिले प्रधानाध्यापक, रिकॉर्ड CAC के घर पर पहुंचा
शिवपुरी। जिले में शासकीय स्कूलों की स्थिति सुधरने का नाम नहीं ले रही। ऑनलाइन हाजिरी की व्यवस्था से यह माना जा रहा था कि अब शिक्षक स्कूल में समय देंगे, लेकिन शिक्षक उससे भी आगे निकल गए। यह खुलासा करेरा के बीएसी के निरीक्षण में सामने आया। शिक्षक तो नदारद मिले ही, स्थूल का शासकीय रिकॉर्ड भी सीएसी के घर पर होना बताया गया।
जनशिक्षा केंद्र डमरॉनकलां के अंतर्गत आने वाले प्राथमिक विद्यालयों के आकस्मिक निरीक्षण में शिक्षा व्यवस्था की बदहाल तस्वीर उजागर हो गई। प्रभारी बीएसी प्रवीण कुमार शर्मा द्वारा किए गए निरीक्षण में शासकीय प्राथमिक विद्यालय चंपा बाबरी और शासकीय प्राथमिक विद्यालय शंकरपुरा (सलैया-डमरॉन) में ऐसी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिन्होंने पूरे शिक्षा तंत्र की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ऑनलाइन हाजिरी, स्कूल से गायब हेडमास्टर:
शासकीय प्राथमिक विद्यालय चंपा बाबरी में पदस्थ प्रभारी प्रधानाध्यापक बनवारी प्रसाद जोशी नदारद मिले। निरीक्षण में पाया कि वे ऑनलाइन पोर्टल पर नियमित उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं, जबकि उपस्थिति पंजी में 31 जुलाई 2026 के बाद से उनके हस्ताक्षर तक दर्ज नहीं हैं। विद्यालय में पदस्थ शिक्षक राहुल पांडे ने निरीक्षण अधिकारी को बताया कि प्रभारी प्रधानाध्यापक रोज केवल ऑनलाइन हाजिरी लगाते हैं और उसके बाद विद्यालय छोड़कर चले जाते हैं। विद्यालय में गंदगी का अंबार लगा था, बच्चों के लिए मध्यान्ह भोजन नहीं बनाया गया था और न ही शैक्षणिक एवं प्रशासनिक अभिलेख व्यवस्थित रूप से उपलब्ध थे।
सरकारी रिकॉर्ड CAC के घर पर
शासकीय प्राथमिक विद्यालय शंकरपुरा (सलैया-डमरॉन) में तो स्थिति और भी चौंकाने वाली मिली। जब प्रभारी बीएसी ने वित्तीय अभिलेखों का भौतिक सत्यापन करना चाहा तो प्रभारी प्रधानाध्यापिका कविता साहू ने बताया कि विद्यालय के सभी वित्तीय अभिलेख जनशिक्षक (CAC) नीलेश समाधिया के घर पर रखे हुए हैं। सरकारी अभिलेखों का विद्यालय के बजाए किसी निजी स्थान पर रखा जाना गंभीर प्रशासनिक और वित्तीय अनियमितता माना जा रहा है।
DPC बोले—स्वयं करूंगा निरीक्षण
जिला परियोजना समन्वयक (DPC) दफेदार सिंह सिकरवार ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि वह स्वयं संबंधित विद्यालयों का निरीक्षण करेंगे और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
BAC ने कहा—वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई
प्रभारी बीएसी प्रवीण कुमार शर्मा ने बताया कि उन्होंने दोनों विद्यालयों का निरीक्षण किया, जिसमें लापरवाही व कई अनियमितताएं मिलीं। निरीक्षण के दौरान वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई है।
उलझन में डीपीसी तो कैसे सुधरेगी व्यवस्था..?
पिछले दिनों डीपीसी दफेदार सिंह सिकरवार की नियुक्ति को अवैध बताकर उनके खिलाफ शिकायत करने वाले सुरेश सिंह सिकरवार का वीडियो काफी वायरल हुआ था। बताते हैं कि डीपीसी ने बमुश्किल उक्त मामले को मैनेज किया, जिसके चलते वो उलझन में भी हैं। ऐसे हालातों में स्कूलों की शैक्षणिक व्यवस्था कैसे बेहतर हो सकती है..?

i

