जिन कॉलोनियों को अवैध बताकर नहीं दिए बिजली कनेक्शन, उनमें सभी घर हो रहे रोशन

0

लाइनमैन, महाप्रबंधक व ऊर्जा मंत्री को भी सच्चाई पता है, फिर भी रिकॉर्ड में दे रहे धोखा
शिवपुरी। अवैध कॉलोनियों में बिजली का कनेक्शन 4 गुना रेट में देने का नियम बनाकर बिजली कंपनी कनेक्शन नहीं दे रही। जबकि शहर में मौजूद एक दर्जन से अधिक कॉलोनियों में सभी घर बिजली से रोशन हो रहे हैं। इस सच्चाई को बिजली कंपनी के लाइनमैन से लेकर महाप्रबंधक एवं ऊर्जा मंत्री भी जानते हैं कि जिसने घर बनाया है, वो बिजली भी जलाएगा, बावजूद इसके रिकॉड में झूठे आंकड़े डाले जा रहे हैं। महत्वपूर्ण बात यह है कि जिन कॉलोनियों में दूर से तार डालकर बिजली लाई जा रही है, उस खपत का भुगतान उन उपभोक्ताओं के खाते में जोड़ा जा रहा है, जो हर महीने बिल जमा कर रहे हैं।
शिवपुरी शहर की मनियर में स्थित ठाकुर बाबा कॉलोनी, हवाई पट्टी के आगे खेतसिंह कॉलोनी के अलावा एक दर्जन से अधिक ऐसी कॉलोनी हैं, जिनमें रहने वाले सैकड़ों परिवारों के पास स्थाई बिजली कनेक्शन नहीं है। यह परिवार काफी दूर से सिंगल तार बांस बल्लियों पर लाकर अपने घर रोशन कर रहे हैं। चूंकि जब घर बनाया है, तो उसमें बिजली भी जलेगी। ऐसा नहीं है कि कॉलोनी के लोग कनेक्शन नहीं लेना चाहते, लेकिन बिजली कंपनी के जिम्मेदार यह कहकर मना कर देते हैं कि कॉलोनी अवैध है।
रिस्क लेकर जला रहे बिजली, झेल रहे नुकसान:
कॉलोनियों में रहने वाले परिवार दूर दराज से सिंगल तार के सहारे घर तक बिजली लेकर आते हैं, जो रिस्की रहता है। इसके अलावा बिजली कंपनी के कर्मचारी चाहे जब टीम लेकर जाते हैं, तथा डाली गईं डोरियां खींच कर ले जाते हैं। जिसके चलते हर परिवार को 1 से 2 हजार रुपए का नुकसान भी झेलना पड़ता है।
खपत हो रही, तो फिर कनेक्शन क्यों नहीं?
शहर की जिन कॉलोनियों को अवैध बताकर उनमें बिजली कनेक्शन नहीं दिए जा रहे, वो कॉलोनियां रोशन हैं, यह जानकारी बिजली कंपनी के जिम्मेदारों को भी पता है। तो फिर उन उपभोक्ताओं को कनेक्शन देकर क्यों नहीं हर महीने बिजली बिल का भुगतान वसूल रहे। क्योंकि अभी जो बिजली वो जला रहे हैं, उसका कोई भुगतान बिजली कंपनी को नहीं हो रहा। पर्दे के पीछे लाइनमैन या अन्य स्टाफ हर महीने अवैध वसूली जरूर कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *