दतिया उपचुनाव: प्रचार थमा, त्रिकोणीय मुकाबले में कई दिग्गजों की साख लगी दांव पर

भाजपा में दिखावा अधिक, कांग्रेस की गोपनीय तैयारी, दामोदर किसे देंगे अधिक नुकसान..?
शिवपुरी से सैमुअल दास:
दिल्ली के जंतर-मंतर में शांति होने के बाद दतिया के उपचुनाव का जब तक शोर सुनाई देता, तब तक चुनाव प्रचार ही थम गया। मंगलवार की शाम 5 बजे के बाद बाहरी लोग विधानसभा क्षेत्र से बाहर चले गए, सभाएं व रोड शो खत्म, अब घर-घर जाकर गुपचुप प्रचार शुरू। इसके बीच सोशल मीडिया पर एक फोटो वायरल हुआ, जिसमें पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, उनके बेटे जयवर्धन सिंह व जीतू पटवारी के अलावा एक अन्य चेहरा भाजपा नेता गोपाल भार्गव जैसा दिख रहा है। यह फोटो कहां का है, असली है या नकली, इसकी पुष्टि हम नहीं करते, लेकिन इस फोटो की तरह ही दतिया उपचुनाव में भी चल रहा है।
एक नजर में दतिया उपचुनाव:
10 जुलाई की शाम जैसे ही दतिया उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी का नाम घोषित हुआ, नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने बाजार बंद व हाइवे जाम कर दिया।
अगले दिन 11 जुलाई की सुबह भोपाल से आया आदेश तो पुलिस एक्शन मोड में आई तथा मिश्रा के 27 समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जाम खुलवाया।
13 जुलाई को चुनावी सभा के मंच से नरोत्तम मिश्रा ने एसपी दतिया सहित पुलिस को चैलेंज किया कि उन्होंने ठीक नहीं किया। इतना ही नहीं मिश्रा ने कोई भी बात न भूलने की बात भी कही।
इसके बाद से भाजपा नेताओं के अलावा कांग्रेस नेताओं की आवाजाही दतिया में शुरू हुई, तथा दामोदर यादव के समर्थन में भी सभाएं हुईं। इस बीच दिल्ली के जंतर-मंतर के शोर में दतिया उपचुनाव का शोर कुछ कम हो गया।
उपचुनाव से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण सवाल:
बरसों मेहनत करने के बाद नरोत्तम मिश्रा ने दतिया में अपनी पैठ बनाई थी। मिश्रा भले ही पार्टी नेताओं के दवाब में आशुतोष का साथ देने की बात कर रहे हों, क्या वो या उनके समर्थक नए नेता को जीतने का अवसर देंगे..? क्योंकि आशुतोष की जीत से मिश्रा का पॉलिटिकल कैरियर..!
कांग्रेस प्रत्याशी कु. घनश्याम सिंह को कांग्रेस के वोट बैंक के अलावा असंतुष्ट वोटरों की मदद मिल सकती है। ऐसे में कांग्रेस नेता कुछ निश्चिंत से लग रहे हैं, लेकिन मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने का दावा करने वाले दामोदर यादव जितने भी वोट ले जाएंगे, वो नुकसान कांग्रेस का ही करेंगे। अब इस मायनस मार्किंग में आशुतोष तिवारी का सितारा कितना चमक पाता है, यह तो परिणाम आने के बाद ही पता चलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *