बिजली कटौती से गुस्साए ग्रामीणों ने ऊर्जा मंत्री मुर्दाबाद के लगाए नारे, गांव में निकाली अर्थी
दो दिन पहले सरपंच ने ग्रामीणों के साथ किया था पिछोर रोड पर चक्काजाम, प्रदर्शन के रहे पीछे
शिवपुरी। जिला मुख्यालय सहित अंचल में बिजली की घोषित के अलावा अघोषित कटौती ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। अमोला सिरसौद के ग्रामीणों ने बिजली कटौती से खफा होकर न केवल ऊर्जा मंत्री मुर्दाबाद के नारे लगाए, बल्कि अर्थी तक निकाल दी। पूरे गांव में अर्थी को घुमाने के बाद हाइवे से होते हुए मुक्तिधाम पर अंतिम संस्कार किया।
गौरतलब है कि सिरसौद गांव में हो रही बिजली कटौती से परेशान होकर सरपंच अतर सिंह लोधी ने ग्रामीणों के साथ मिलकर सिरसौद – पिछोर रोड पर चक्काजाम कर दिया था। इस दौरान सरपंच के सड़क पर लेटने के भी वीडियो वायरल हुए थे। बावजूद इसके बिजली कटौती से जब कोई राहत नहीं मिली तो बुधवार की सुबह सिरसौद के वृद्धाश्रम के सामने एक अर्थी को सजाया गया। जिसे कंधे पर लेकर ग्रामीण ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर मुर्दाबाद का नारे लगाते हुए अर्थी को लेकर पूरे गांव में घूमे। इसके बाद अर्थी को लेकर श्मशान घाट पहुंचे, जहां पेट्रोल डालकर अंतिम संस्कार किया गया।
ज्ञात रहे कि प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, शिवपुरी जिले के प्रभारी मंत्री भी हैं। जिले में बिजली कटौती से ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति खराब है तथा मंगलवार को सीहोर गांव सहित 11 ग्रामीणों ने भितरवार रोड पर चक्काजाम किया था।

